रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 4 नवंबर को, 9 पदों के लिए होगा मतदान

रायगढ़। जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के आगामी चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल का गठन कर दिया गया है। निर्वाचन मंडल ने चुनाव की तिथि 4 नवंबर 2026 निर्धारित की है। इस चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित कुल 9 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।

चुनाव को लेकर निर्वाचन मंडल ने पूरी प्रक्रिया और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली है।

इन 9 पदों के लिए होगा चुनाव

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में निम्न पद शामिल हैं—

  • अध्यक्ष
  • उपाध्यक्ष
  • सचिव
  • सहसचिव
  • कोषाध्यक्ष
  • ग्रंथालय सचिव
  • सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव
  • कार्यकारिणी सदस्य के 2 पद

इन पदों के लिए अधिवक्ता मतदाता मतदान करेंगे।

7 अक्टूबर को प्राथमिक मतदाता सूची का प्रकाशन

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को प्राथमिक मतदाता सूची का प्रकाशन संघ के निर्वाचन कार्यालय में किया जाएगा।

मतदाता एवं संघ के सदस्य 12 अक्टूबर तक प्राथमिक मतदाता सूची में नाम अथवा अन्य किसी प्रकार की त्रुटि को लेकर अपनी आपत्ति लिखित रूप में निर्वाचन मंडल के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।

आपत्तियों का निराकरण करने के बाद 13 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची निर्वाचन कार्यालय एवं संघ के सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी।

14 से 23 अक्टूबर तक नामांकन

निर्वाचन मंडल के अनुसार अभ्यर्थियों के लिए नामांकन पत्र प्राप्त करने और जमा करने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक चलेगी।

इसके बाद 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी यानी जांच की जाएगी। अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।

वहीं, 27 अक्टूबर की शाम 5 बजे चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी।

4 नवंबर को होगा मतदान

चुनाव के लिए 4 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान का आयोजन न्यायालय परिसर में किया जाएगा।

इसके बाद निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 12 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

निर्वाचन मंडल में ये अधिकारी शामिल

जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए गठित निर्वाचन मंडल में बंशीधर गुरु को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं शिशिर वर्मा और लोकनाथ नंदे सहायक निर्वाचन अधिकारी तथा मनोज कुमार पटनायक, किशोर कुमार थवाईत, राजेश कुमार मेहर और शरद बेरीवाल को उप निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

निर्वाचन मंडल की ओर से उप निर्वाचन अधिकारी शरद बेरीवाल ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी है।

Back to top button