रायगढ़ जिला अस्पताल में बनेगा 300 बेड का नया भवन, 30 बेड का ट्रॉमा सेंटर भी प्रस्तावित
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने प्रस्तावित स्थल का किया निरीक्षण, जर्जर भवन को जल्द हटाने के निर्देश
रायगढ़, 7 अक्टूबर 2026। किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय परिसर में 300 बेड के नए अस्पताल भवन और 30 बेड के ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद जर्जर भवन को जल्द डिस्मेंटल करने और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
एक ही परिसर में मिलेंगी उपचार और जांच की सुविधाएं
प्रस्तावित नए अस्पताल भवन में मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक जांच की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें आपातकालीन और ट्रॉमा सेवाओं के साथ गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आईसीयू, एचडीयू, पीआईसीयू और वेंटिलेटर बेड प्रस्तावित हैं।
अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रसव कक्ष, मदर एवं न्यू बॉर्न वार्ड के साथ एसएनसीयू और एनआईसीयू की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
चार ऑपरेशन थिएटर और डायलिसिस वार्ड
नए अस्पताल में चार ऑपरेशन थिएटर और छह बेड का डायलिसिस वार्ड प्रस्तावित किया गया है। इसके अलावा बर्न वार्ड तथा एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ब्लड बैंक, फिजियोथेरेपी और पुनर्वास सेवाओं की व्यवस्था भी प्रस्तावित योजना में शामिल है। मरीजों के लिए सामान्य और निजी वार्ड उपलब्ध कराने की योजना है।
मरीजों और परिजनों के लिए भी सुविधाएं
अस्पताल परिसर में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय, पंजीयन और परामर्श क्षेत्र के साथ पार्किंग, लिफ्ट, रैंप और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ
300 बेड के नए अस्पताल भवन और 30 बेड के ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से रायगढ़ जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को आपातकालीन, विशेषज्ञ और गंभीर उपचार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विस्तार होगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
