रायगढ़ : जिलेभर में अवैध अप्रवासियों के सत्यापन के लिए पुलिस का विशेष अभियान, किराएदारों और उद्योगों में दस्तावेजों की जांच शुरू
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कार्रवाई, बिना सत्यापन किराएदार रखने और रोजगार देने वालों पर भी रहेगी नजर
रायगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस ने रविवार को अवैध अप्रवासियों (Illegal Immigrants) की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष सघन जांच अभियान शुरू किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों और बाहरी राज्यों के लोगों के निवास वाले स्थानों पर जांच अभियान चलाया।
किराएदारों और बाहरी राज्यों के निवासियों का सत्यापन
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को चिन्हित किया, जहां बड़ी संख्या में किराएदार, प्रवासी श्रमिक या बाहरी राज्यों के लोग रह रहे हैं। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।
औद्योगिक इकाइयों में विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की भी जांच
पुलिस ने जिले के विभिन्न उद्योगों और प्लांटों में कार्यरत विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य वैध दस्तावेजों की जांच के भी निर्देश दिए हैं। उद्योग प्रबंधन को स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध दस्तावेज और पुलिस सत्यापन के किसी भी विदेशी अथवा बाहरी व्यक्ति को रोजगार नहीं दिया जाए। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर के आदेश के बाद बढ़ी सख्ती
गौरतलब है कि हाल ही में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर मकान मालिकों के लिए किराएदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया है। नए आदेश के तहत पुराने और नए सभी किराएदारों की जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।
पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग
रायगढ़ पुलिस ने मकान मालिकों, उद्योग संचालकों, ठेकेदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों और कार्यरत कर्मचारियों का समय पर पुलिस सत्यापन कराएं। यदि किसी क्षेत्र में कोई विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में रह रहा हो या उसके दस्तावेजों को लेकर संदेह हो, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम, राज्यव्यापी हेल्पलाइन 1800-233-1905, डायल 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 94791-93299 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस के अनुसार, जिले में सुरक्षित और कानूनसम्मत वातावरण बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


