रायगढ़: ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 6 अगस्त। रायगढ़ पुलिस ने ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और नकदी जब्त की गई है। गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ट्रेलर जेपीएल प्लांट गेट नंबर-2 के पास खड़ा था। रात में टैंक में लगभग 100 लीटर डीजल था, लेकिन सुबह डीजल टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल चोरी हो चुका था। शिकायत पर तमनार थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव और कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों व ट्रेलरों से डीजल चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को 4 हजार रुपये में बेच दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल और पेचकस बरामद किए। इसके बाद कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने बिक्री की रकम में से बचे 500 रुपये पुलिस को सौंपे। चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो वाहन से सुनसान स्थानों पर पहुंचकर ट्रकों और ट्रेलरों के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल चोरी करते थे। यदि मौके पर चालक मौजूद होता तो उसे धमकाकर भगा देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों किशोर कुमार चौहान (37 वर्ष), कमलेश कुमार उरांव (23 वर्ष) और दुर्गाचरण पटेल (42 वर्ष) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, एएसआई गौतम सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक विपिन पटेल तथा आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार, रंजीत भगत और पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ट्रकों और भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी का माल खरीदने वालों पर भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



