रायगढ़ : दूध विक्रेता की चोरी गई बाइक 7 दिन में बरामद, निगरानी बदमाश गिरफ्तार
जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, 16 मामलों के आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड
रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर एक निगरानी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-13-U-4525) जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को तुर्कुमुड़ा निवासी अर्जुन मौर्य (44) ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने आया था। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कबीर चौक निवासी दीपक बरेठ चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थाना जूटमिल के पीछे घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे बाइक सहित पकड़ लिया। बरामद मोटरसाइकिल की आगे और पीछे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली।
पूछताछ में आरोपी दीपक बरेठ (34) ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि बाइक में रखे तीन दूध के डिब्बों को केलो नदी में फेंक दिया था, जो तेज बहाव में बह गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना जूटमिल का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, दुष्कर्म तथा आर्म्स एक्ट सहित 16 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक शांति मिरी एवं संजय एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आदतन अपराधियों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। चोरी, लूट और अन्य अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


