
रायगढ़-धरमजयगढ़ मार्ग के साइड शोल्डर की गुणवत्ता पर जिला पंचायत सख्त, PWD से 7 दिन में जवाब तलब
रायगढ़। जिला पंचायत रायगढ़ ने रायगढ़-धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग के साइड शोल्डर की गुणवत्ता को लेकर गंभीर रुख अपनाया है। सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति गोपाल अग्रवाल ने इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (PWD) रायगढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र भेजकर 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
निर्माण के एक वर्ष बाद भी उठे गुणवत्ता पर सवाल
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मार्ग का निर्माण लगभग एक वर्ष पूर्व पूर्ण हो चुका है, लेकिन वर्तमान में कई स्थानों पर साइड शोल्डर अपेक्षित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं पाए जा रहे हैं। इससे विशेषकर वर्षा ऋतु और भारी यातायात के दौरान सड़क की स्थायित्व क्षमता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की शिकायतें
सभापति गोपाल अग्रवाल ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इससे स्पष्ट है कि कार्य की गुणवत्ता का पुनः परीक्षण और तकनीकी समीक्षा आवश्यक है।
PWD से मांगी गई विस्तृत जानकारी
समिति द्वारा विभाग से 7 दिनों के भीतर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिनमें निर्माण गुणवत्ता से संबंधित निरीक्षण रिपोर्ट, वर्तमान स्थिति की तकनीकी संतोषजनकता, दोष निवारण अवधि (DLP) के अंतर्गत की गई कार्रवाई, ठेकेदार को जारी नोटिस, साइड शोल्डर निर्माण के तकनीकी मानक, कुटाई (Compaction) एवं लैब परीक्षण रिपोर्ट, पूर्णता प्रमाण-पत्र जारी करने का आधार तथा भविष्य में मरम्मत और संरक्षण की योजना शामिल हैं।
जनहित से जुड़ा है सड़क की गुणवत्ता का मुद्दा
सभापति गोपाल अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता और स्थायित्व सीधे तौर पर जनहित से जुड़ा विषय है। समिति का उद्देश्य विभागीय अभिलेखों के आधार पर स्थिति का निष्पक्ष मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
समीक्षा बैठक में होगी विस्तृत चर्चा
उन्होंने बताया कि आगामी समीक्षा बैठक में इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कार्यों में सुधार हेतु सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को भी भेजी गई है।




