रायगढ़ : पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की टांगी से हत्या, आरोपी हिरासत में

धरमपुर गांव में विवाद के बाद वारदात, पुलिस के अनुसार पूछताछ जारी

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक बुजुर्ग की कथित तौर पर टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर पहुंचकर विवाद करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, रैरूमा चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत साजापाली के आश्रित ग्राम धरमपुर निवासी बंधनराम पंडो (76) शनिवार को अपने घर पर थे। इसी दौरान गांव का मकरदम मांझी (40) उनके घर पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

सिर पर टांगी से हमला, अस्पताल में हुई मौत

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने घर में रखी टांगी से बंधनराम पंडो के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरमजयगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी

रैरूमा चौकी प्रभारी इंगेश्वर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी मकरदम मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। फिलहाल प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button