रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल, महिला पुलिसकर्मियों को मासिक धर्म स्वच्छता का दिया प्रशिक्षण
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर एक सराहनीय पहल की गई। रविवार को पुलिस लाइन उर्दना में रायगढ़ जिला पुलिस और एक सामाजिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद जिला स्वच्छता मिशन की नोडल अधिकारी मोनिका इजारदार ने मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतें अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यशाला में महिला पुलिसकर्मियों को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई, संक्रमण से बचाव, सेनेटरी उत्पादों के सही उपयोग तथा पर्यावरण के अनुकूल तरीके से सेनेटरी अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डीएसपी उन्नति ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहतर कार्यक्षमता और आत्मविश्वास की आधारशिला है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों से मासिक धर्म से जुड़े मिथकों को दूर करने और स्वच्छता संबंधी सही जानकारी समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिला पुलिसकर्मियों ने मासिक धर्म स्वच्छता, सम्मान और जागरूकता को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने इसे महिला स्वास्थ्य और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


