रायगढ़ : बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की नजर, जिलेभर में चला औचक निरीक्षण अभियान
सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड, फायर सेफ्टी और स्ट्रांग रूम की जांच, कमियां दूर करने के दिए निर्देश
रायगढ़। जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने मंगलवार को सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों का औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण, अलार्म सिस्टम, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तथा प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था की जांच की। साथ ही सुरक्षा निरीक्षण रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया। जहां कमियां पाई गईं, वहां उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रहें तथा उनकी रिकॉर्डिंग कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए। कैमरों की गुणवत्ता ऐसी हो कि बैंक आने-जाने वाले लोगों की पहचान स्पष्ट हो सके। इसके अलावा फायर एक्सटिंग्विशर, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच एवं समय-समय पर सर्विसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान सुरक्षा गार्डों के प्रशिक्षण, हथियारों के लाइसेंस, ड्यूटी के दौरान सतर्कता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। गार्डों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
रायगढ़ पुलिस ने कहा कि बैंक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।


