रायगढ़ : भाजपा की पदयात्रा पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- महंगाई और बेरोजगारी से ध्यान भटकाने की कोशिश
रायगढ़। भाजपा की ओर से हाल ही में निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और उसमें दिए गए बयानों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने भाजपा पर जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों की स्थिति पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक आयोजनों के जरिए माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा विकास कार्यों की धीमी गति जैसी समस्याओं से जूझ रही है। रसोई गैस, ईंधन और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोगों का बजट प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद भाजपा इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक पदयात्राएं निकाल रही है।
भाजपा के आरोपों को बताया निराधार
तारेन्द्र डनसेना ने पदयात्रा के दौरान कांग्रेस के खिलाफ लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में लोकतांत्रिक परंपराओं, आपसी भाईचारे और संविधान की मजबूती के लिए काम किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में देश की स्वतंत्र संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा के बयानों को राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करार दिया।
जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केवल बयानबाजी और नारों से जमीनी समस्याएं खत्म नहीं होतीं। रायगढ़ की जनता महंगाई, बेरोजगारी और विकास से जुड़े मुद्दों को समझती है। उन्होंने दावा किया कि जनता राजनीतिक नारों के बजाय अपने बुनियादी सवालों के जवाब चाहती है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि पार्टी आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार से इन सवालों पर जवाब मांगती रहेगी।
तारेन्द्र डनसेना प्रवक्ता, जिला कांग्रेस कमेटी, रायगढ़


