रायगढ़ में अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो मामलों में 23.5 लीटर शराब जब्त; आरोपी जेल भेजे गए

रायगढ़, 23 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में विभाग ने 22 अगस्त को घरघोड़ा और रायगढ़ उत्तर वृत्त क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 23.5 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की।

धनागर में 8 लीटर महुआ शराब बरामद

रायगढ़ उत्तर वृत्त की टीम को ग्राम धनागर में अवैध महुआ शराब रखे जाने की शिकायत मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान निराकार उरांव (30), निवासी धनागर के कब्जे से 8 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,600 रुपये बताई गई है।

बिछीनारा में 15.5 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त

इसी तरह आबकारी वृत्त घरघोड़ा की टीम ने ग्राम बिछीनारा में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की। यहां संतोष कुमार टिग्गा (38), निवासी बिछीनारा के कब्जे से 15.5 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब बरामद की गई। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3,100 रुपये है।

दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल

आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग के अनुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Back to top button