रायगढ़ में उद्योगों की पर्यावरणीय निगरानी होगी सख्त, अवैध प्लाटिंग-अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़। जिले में विकास कार्यों और शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को समय-सीमा की बैठक ली। जिला कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में उन्होंने विभागवार कार्यों की स्थिति जानी और अधिकारियों को तय समय-सीमा में लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

उद्योगों में पर्यावरण मानकों की नियमित जांच

बैठक में कलेक्टर ने जिले में संचालित औद्योगिक इकाइयों में पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मानकों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उद्योगों का नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी प्रशासन का समान रूप से ध्यान रहना चाहिए। वाहनों से होने वाले प्रदूषण और परिवहन नियमों के पालन की भी नियमित जांच करने तथा उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण पर नजर रखने के निर्देश

जिले में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधि सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस से संबंधित प्रावधानों और नियमों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

दुर्गम क्षेत्रों में पुल-पुलिया की कार्ययोजना बनाने पर जोर

कलेक्टर ने ऐसे गांवों और क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जहां आवागमन की सुविधा सीमित है। उन्होंने नाला, पुल और पुलिया निर्माण के लिए आवश्यकतानुसार कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए आवागमन में परेशानी न हो।

स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों को मिल रही जांच और उपचार सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को समय पर आवश्यक उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का समय पर निराकरण

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाए।

छात्रावासों में नियमित निरीक्षण के निर्देश

जिले के छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर ने नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने छात्रावासों में स्वच्छता, भोजन, उपलब्ध सुविधाओं और विद्यार्थियों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अभिजीत बबन पठारे, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल और डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button