रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर कार्रवाई, फरार डकैती आरोपी समेत दो गिरफ्तार

रायगढ़, 04 मई 2026: रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना छाल पुलिस ने रेड कार्रवाई कर एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर मामलों में फरार था और छिपकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहा था।


फरारी के दौरान चला रहा था सट्टा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम बरभौना निवासी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु लंबे समय से फरार था और ओडिशा, रायपुर व रायगढ़ के बीच छिपते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड गंभीर रहा है और वह पूर्व में दुष्कर्म व डकैती जैसे मामलों में संलिप्त रहा है।


आईपीएल मैच के दौरान मिली सटीक सूचना

आईपीएल मैच के दौरान बॉल टू बॉल सट्टा खिलाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम सक्रिय हुई। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में कुरकुट पुल के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।


मोबाइल और ट्रांजेक्शन से खुला राज

रेड के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टे से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, फोन-पे ट्रांजेक्शन और दांव के रिकॉर्ड मिले। जांच में यह भी सामने आया कि रूपधर पटेल ने ₹1500 ऑनलाइन ट्रांसफर कर सट्टा खेला था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


नकदी और मोबाइल समेत सामान जब्त

पुलिस ने आरोपी चंद्रभूषण डनसेना के कब्जे से ओप्पो रेनो 15 प्रो 5जी मोबाइल, नगदी और अन्य सामग्री जब्त की। वहीं रूपधर पटेल से मोबाइल और नगदी सहित कुल ₹82,000 से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है।


दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्री, शंभू पांडेय, आरक्षक राजेश राठौर, भगवती प्रसाद लक्ष्मे और सलीमा टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग जैसे अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। सट्टा खेलने और खिलाने वाले दोनों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


गिरफ्तार आरोपी

1. चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु (28), निवासी बरभौना, थाना छाल
2. रूपधर पटेल (22), निवासी बरभौना, थाना छाल


जब्त सामग्री

ओप्पो रेनो 15 प्रो 5जी मोबाइल (कीमत ₹68,000), रियलमी C-25S मोबाइल (कीमत ₹12,000), नगदी ₹2,230 सहित सट्टे से संबंधित सामग्री जब्त की गई है।

Back to top button