रायगढ़ में कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 6 वाहनों से 129 टन से ज्यादा स्क्रैप जब्त

रायगढ़, 26 सितंबर 2026। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और चोरी के माल की खपत पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान 6 वाहनों से 129.840 टन स्क्रैप जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त कबाड़ की कीमत करीब ₹53.60 लाख है, जबकि वाहनों को मिलाकर कुल जब्ती का मूल्य लगभग ₹1.21 करोड़ आंका गया है।

पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में स्क्रैप बिना जरूरी दस्तावेजों के स्थानीय उद्योगों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच शुरू की।

स्केनिया प्लांट के पास पकड़ा गया ट्रक

पहली कार्रवाई रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास की गई। यहां पुलिस ने UP63AT2054 नंबर के ट्रक को रोककर जांच की। वाहन में करीब 23.990 टन टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप मिला।

पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक राकेश गिरी, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश, स्क्रैप को सरगुजा से लोड किए जाने की जानकारी दी, लेकिन परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक और स्क्रैप को मिलाकर करीब ₹8.49 लाख की संपत्ति जब्त की।

नाकेबंदी में पांच और वाहन मिले

इसके बाद पुलिस ने पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी कर पांच अन्य वाहनों की जांच की। इन वाहनों से कुल 105.850 टन स्क्रैप बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए वाहनों में:

  • CG14MF0223 — 18.350 टन स्क्रैप
  • OD05R7085 — 24.830 टन
  • CG22U3873 — 13.040 टन
  • OD29D4325 — 25.510 टन
  • OD19C4666 — 24.120 टन

शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान संबंधित चालक स्क्रैप के परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

दस्तावेजों की जांच के साथ आगे की कार्रवाई

पुलिस ने सभी वाहनों और स्क्रैप को जब्त कर प्रकरण में धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब स्क्रैप के स्रोत, परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और इसे खपाने वाले संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव की टीम ने की। पुलिस ने कहा है कि बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन करने वालों के साथ-साथ वाहन मालिकों और माल खपाने वालों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

Back to top button