रायगढ़ में किसान की कार से 40 हजार रुपये और बैंक दस्तावेज चोरी, पेट्रोल पंप के पास वारदात

रायगढ़। शहर में एक किसान की कार से 40 हजार रुपये नकद और बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने का मामला सामने आया है। किसान बैंक से रकम निकालने के बाद उसे थैले में रखकर अपनी टवेरा की आगे वाली सीट पर रख दिया था। इसके बाद पेट्रोल पंप के पास अज्ञात व्यक्ति ने कार का दरवाजा खोलकर थैला पार कर दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर निकला था किसान

जानकारी के मुताबिक ग्राम कुसमुरा निवासी चंद्रशेखर नायक (70) खेती-किसानी का काम करते हैं। सोमवार को घरेलू जरूरत के लिए उन्होंने अपेक्स बैंक रामपुर शाखा से अपने खाते से 40 हजार रुपये निकाले। रकम को एक थैले में रखने के बाद उन्होंने उसे अपनी टवेरा वाहन की सामने वाली सीट पर रख दिया।

इसके बाद चंद्रशेखर वाहन से इंदिरा नगर, ट्रैफिक चौक और गौशाला रोड होते हुए घड़ी चौक स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। उन्हें वाहन में डीजल भरवाना था।

कार का दरवाजा खोलकर थैला ले गया अज्ञात आरोपी

पेट्रोल पंप के पास चंद्रशेखर ने अपनी टवेरा खड़ी की। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने वाहन की बाईं ओर का दरवाजा खोलकर सामने की सीट पर रखा थैला चोरी कर लिया।

थैले में 40 हजार रुपये नकद के अलावा अपेक्स बैंक की पासबुक, एसबीआई की चेकबुक, ग्रामीण बैंक की चेकबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

तलाश के बाद थाने पहुंचा किसान

कुछ देर बाद चंद्रशेखर की नजर सामने वाली सीट पर गई तो थैला गायब मिला। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप और आसपास के इलाके में काफी तलाश की, लेकिन थैले और आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Back to top button