रायगढ़ में गुंडा बदमाश पर सख्ती: जमीन विवाद में दखल देने पर दुर्गेश महंत जेल भेजा गया

रायगढ़, 18 अप्रैल। जिले में गुंडा बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए जमीन विवाद में दखल देने पहुंचे कुख्यात बदमाश दुर्गेश महंत को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया है।


जमीन विवाद में पहुंचकर दी धमकी

जानकारी के अनुसार, कोतरारोड शर्मा कॉलोनी निवासी आकाश वर्मा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि बड़े रामपुर स्थित उसकी जमीन पर एक ट्रक खड़ा कर दिया गया था। जब उसने ट्रक हटाने के लिए क्रेन बुलाया, तभी आरोपी दुर्गेश महंत मौके पर पहुंच गया।

दुर्गेश महंत ने क्रेन चालक को मारपीट की धमकी देते हुए उसे वहां से भगाने की कोशिश की और मौके पर हंगामा करने लगा।


पुलिस ने देर रात किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देश पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को देर रात हिरासत में लेकर थाना लाया गया।


पहले से दर्ज हैं कई मामले

दुर्गेश महंत के खिलाफ थाना कोतवाली में पहले से मारपीट और झगड़े के कई मामले दर्ज हैं। इसी कारण वह पुलिस की गुंडा बदमाश सूची में शामिल है।


प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर भेजा जेल

आरोपी के खिलाफ धारा 170, 126/135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।


दोबारा शिकायत पर जिला बदर की चेतावनी

थाना प्रभारी ने आरोपी को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधि दोहराने पर उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी।


एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जमीन, दुकान या किसी भी विवाद में गुंडा तत्वों की दखलंदाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button