रायगढ़ में चलती मालगाड़ी से अलग हुई बोगियां, रेलवे फाटक 40 मिनट तक रहा बंद
रायगढ़, 24 सितंबर। रायगढ़ में बुधवार दोपहर एक मालगाड़ी की कुछ बोगियां अचानक इंजन से अलग हो गईं। इंजन आगे निकल गया, जबकि अलग हुई बोगियां चक्रधर नगर रेलवे फाटक के पास रुक गईं। बाद में लोको पायलट को घटना की जानकारी मिलने पर इंजन को पीछे लाकर बोगियों से दोबारा जोड़ा गया।
चक्रधर नगर फाटक के पास अलग हुई बोगियां
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 3 बजे रायगढ़ रेलवे स्टेशन से ओडिशा की ओर मालगाड़ी रवाना हुई थी। केलो नदी पार करने के बाद मालगाड़ी चक्रधर नगर रेलवे फाटक के पास पहुंची। इसी दौरान ट्रेन के बीच की कुछ बोगियां अचानक इंजन से अलग हो गईं।
इंजन आगे निकल गया, जबकि पीछे की बोगियां रेलवे फाटक के पास ही रुक गईं। कुछ दूरी तय करने के बाद लोको पायलट को बोगियों के अलग होने की जानकारी मिली। इसके बाद अधिकारियों को सूचना देकर इंजन को वापस पीछे लाया गया।
इंजन से दोबारा जोड़ी गईं बोगियां
इंजन को अलग हुई बोगियों तक लाने के बाद उन्हें दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 30 से 40 मिनट का समय लगा।
इस दौरान चक्रधर नगर रेलवे फाटक बंद रहा, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। फाटक बंद होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसी तरह का नुकसान नहीं
चक्रधर नगर रेलवे स्टेशन के प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, मालगाड़ी की कुछ बोगियां अलग हो गई थीं। जानकारी मिलने के बाद इंजन को पीछे लाकर बोगियों को दोबारा जोड़ा गया और मालगाड़ी को आगे रवाना कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि घटना में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बोगियों को जोड़ने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया और यातायात सामान्य हो गया।











