
रायगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत
रायगढ़, 10 मई 2026: रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तेतला चौक के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
किरोड़ीमल नगर जा रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम कांसीडीह लटेसरा निवासी महेश निषाद (27) और सोनू माली (26) बाइक से किरोड़ीमल नगर की ओर जा रहे थे।
दोपहर करीब ढाई बजे चंद्रपुर की ओर से रायगढ़ आ रहे एक ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रक के पहिए के नीचे आने से मौत
टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए।
पुलिस ने ट्रक जब्त किया
सूचना मिलने पर पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना पहुंचा दिया है।
इसके बाद दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


