रायगढ़ में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से 14 साल की बच्ची की मौत, दादा घायल

रायगढ़। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार 14 वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका दादा गंभीर रूप से घायल हो गया।


स्कूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार उर्दना कृष्णापुर निवासी पितरूस तिर्की (50) अपनी पोती ममता तिर्की (14) के साथ भगवानपुर सोसायटी से चावल लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान सीएमएचओ तिराहा के आगे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।


पहियों के नीचे आने से बच्ची की मौत

टक्कर के बाद बच्ची स्कूटी से गिरकर ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दादा पितरूस तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।


घटना के बाद चक्काजाम जैसी स्थिति

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


आरोपी चालक गिरफ्तार

घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे पूंजीपथरा रोड पर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button