रायगढ़ में दलदल में फंसने से हाथी शावक की मौत, 4 दिन में दूसरी घटना

रायगढ़ : रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत छाल रेंज में एक हाथी शावक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डेम के दलदली हिस्से में फंसने के कारण हाथी शावक बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी जान चली गई।

घटना तरकेला गांव के केराझरिया जंगल क्षेत्र की है, जहां करीब 35 हाथियों का दल विचरण कर रहा था।


डेम में पानी पीने पहुंचे थे हाथी

जानकारी के अनुसार रविवार रात हाथियों का दल डेम की ओर पानी पीने और नहाने पहुंचा था। इसी दौरान 4 से 10 माह का एक हाथी शावक दलदल की ओर चला गया और उसमें फंस गया।

बताया जा रहा है कि शावक रातभर दलदल से बाहर नहीं निकल सका। रात में हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी।


सुबह वन विभाग को मिली जानकारी

हाथी मित्र दल और वन विभाग को रात में हाथियों की आवाज की सूचना मिली थी, लेकिन अंधेरे और सुरक्षा कारणों से मौके पर जाना संभव नहीं था।

सुबह वनकर्मी और हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां डेम के दलदली हिस्से में हाथी शावक मृत मिला।


पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया शव

घटना की जानकारी मिलने पर डीएफओ, एसडीओ और रेंजर सहित वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

वन अमले ने हाथी शावक के शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को दफनाया गया।


4 दिन पहले भी हुई थी शावक की मौत

इससे पहले छाल रेंज के घोघरा डेम में भी एक हाथी शावक की डूबने से मौत हुई थी। उस समय करीब 20 हाथियों का दल पानी में उतरा था।

लगातार चार दिनों के भीतर दो हाथी शावकों की मौत होने से वन विभाग भी सतर्क हो गया है।


वन विभाग लगातार कर रहा निगरानी

छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि हाथियों के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है ताकि ग्रामीण सतर्क रहें और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

Back to top button