
रायगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने ढाई साल के बेटे की पत्थर से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 20 अप्रैल 2026। जिले के कापू थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और हृदय विदारक मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
गुमशुदगी और अपहरण की कहानी से पुलिस को किया गुमराह
मृतक अनुज मंझवार के पिता बोधसाय मंझवार ने 19 अप्रैल को थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सोनमती मंझवार बच्चों के साथ घर से गायब हो गई थी। बाद में आरोपी महिला ने अपहरण जैसी कहानी बनाकर पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की।
जंगल की खाई में मिला मासूम का शव
परिजनों और ग्रामीणों की तलाश के दौरान रानीगौवा पहाड़ के पास खून के निशान मिले। पास की खाई में खोजबीन करने पर मासूम अनुज का शव बरामद हुआ, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस पूछताछ में टूटी आरोपी की चुप्पी
कापू पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लेकर वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। शुरुआत में वह गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गुस्से में किया खौफनाक कदम
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ मायके जा रही थी। रास्ते में बेटे के न चलने पर गुस्से में आकर उसने उसे जमीन पर पटक दिया और पत्थर से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने जुटाए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपी के बयान का वीडियोग्राफी कराया और उसे घटनास्थल ले जाकर हत्या में प्रयुक्त पत्थर सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। रायगढ़ पुलिस हर मामले की वैज्ञानिक जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।


