रायगढ़ में नए आधार सेवा केंद्र की शुरुआत, नामांकन और अपडेट की मिलेंगी सुविधाएं
रायगढ़। शहर में नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नए आधार सेवा केंद्र (ASK) की शुरुआत की गई है। केंद्र का उद्घाटन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में UIDAI के निदेशक रामकृष्ण तम्मीशेट्टी, प्रोजेक्ट मैनेजर खुर्शीद आलम, BLS इंटरनेशनल के क्लस्टर मैनेजर सुदीप्तो चक्रवर्ती, ऑपरेशन मैनेजर विनय गिरी और रमेश लाल नामदेव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एक ही केंद्र पर आधार से जुड़ी कई सेवाएं
नए केंद्र में नागरिकों को आधार नामांकन और अपडेट से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां बच्चों और वयस्कों के लिए नया आधार नामांकन कराया जा सकेगा।
इसके अलावा आधार में फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो जैसे बायोमेट्रिक विवरण अपडेट कराने की सुविधा भी रहेगी। नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि जैसे डेमोग्राफिक विवरण में सुधार या बदलाव के लिए भी सेवा उपलब्ध होगी।
केंद्र पर पहचान और पते के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों के सत्यापन एवं अपलोड की सुविधा भी दी जाएगी।
बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा
केंद्र पर बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसमें निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों के फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो अपडेट किए जाएंगे।
सप्ताह के सातों दिन खुलेगा केंद्र
आधार सेवा केंद्र सोमवार से रविवार तक सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा। इसका समय सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
नागरिक केंद्र पर सीधे जाकर यानी Walk-in सुविधा के माध्यम से सेवाएं ले सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन स्लॉट बुक करने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
केंद्र का पता
ग्राउंड फ्लोर, बिजनेस हब, 196/04 कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, चैतन्य नगर, एक्सिस बैंक के पास, ढिमरापुर रोड, रायगढ़, छत्तीसगढ़ – 496001।
उद्घाटन कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्र शुरू होने से रायगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन की ओर से भी इसे नागरिक सेवाओं को सुगम बनाने की दिशा में उपयोगी पहल बताया गया।











