रायगढ़ में निशुल्क चावल वितरण योजना में सेंधमारी का आरोप: बिचौलिए और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग

रायगढ़। केंद्र और राज्य सरकार की निशुल्क चावल वितरण योजना में बिचौलियों द्वारा लाभ उठाए जाने और राशन की कालाबाजारी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि पात्र गरीबों के साथ-साथ कथित रूप से अपात्र व संपन्न लोगों के नाम गरीबी रेखा (BPL) सूची में जुड़े होने तथा कुछ लाभार्थियों द्वारा अंगूठा लगाकर राशन दुकानों पर ही चावल बेच दिए जाने से योजना की मंशा प्रभावित हो रही है।
सोसाइटियों से किराना दुकानों तक खपने का आरोप
जानकारी के अनुसार, कुछ मामलों में हितग्राहियों द्वारा पीडीएस (PDS) का निशुल्क चावल अंगूठा लगाकर सोसाइटी स्तर पर ही तय रकम लेकर छोड़ दिए जाने की चर्चा है। आरोप है कि इसके बाद यही चावल सोसाइटी या बिचौलियों के माध्यम से किराना व्यवसायियों अथवा अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचा जाता है, जिससे सरकारी योजना के राशन की अफरा-तफरी होती है।
33 बिंदुओं के मानदंड पर विभाग की दलील
इस विषय पर संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अपात्र लोगों के नाम जुड़ने और अनियमितताओं को रोकने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर नए बीपीएल राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया स्थानीय निकायों के माध्यम से तय की गई है। शहरी क्षेत्रों के लिए नगरीय निकाय और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पंचायत निकाय के स्तर पर प्रक्रिया लागू है, जिसमें 33 निर्धारित बिंदुओं की पूर्ति होने पर ही गरीबी रेखा का कार्ड बनने का प्रावधान है।
खरीदी-बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि जब नियमों के तहत पीडीएस चावल की अवैध खरीद-बिक्री प्रतिबंधित है, तो ऐसे मामलों में सघन जांच और खरीदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं बढ़ाई जाती। उल्लेखनीय है कि पूर्व में तमनार विकासखंड के एक बाजार क्षेत्र के पास किराना व्यवसायी द्वारा पीडीएस चावल की खरीद-बिक्री किए जाने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय को सौंपा था। जानकारों का मानना है कि यदि सोसाइटियों से बाहर चावल खपाने वाले नेटवर्क और खरीदारों की पड़ताल कर सख्त कार्रवाई हो, तो अवैध खरीद पर प्रभावी रोक लग सकती है।
पहचान और निगरानी की चुनौती पर विभागीय पक्ष
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बायोमेट्रिक (अंगूठा) प्रणाली लागू होने के बाद रिकॉर्ड में यह दर्ज होता है कि हितग्राही ने राशन प्राप्त कर लिया है, जिससे मौके के बाद यह पहचान करना कठिन हो जाता है कि किसने अपना चावल स्वयं उपयोग किया और किसने आगे बेचा। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार शिकायत प्राप्त होने पर जांच और कार्रवाई की जाती रही है और आगे भी शिकायतों के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी।
