रायगढ़ में पाइपलाइन से मिलेगी रसोई गैस, एनएच किनारे शुरू हुआ बिछाने का काम
रायगढ़।
जानकारी के अनुसार गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा मुंबई-नागपुर-झारसुगुड़ा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी मुख्य पाइपलाइन से रायगढ़ शहर को भी जोड़ा जाएगा, जिससे भविष्य में घरों तक पाइप के माध्यम से रसोई गैस की आपूर्ति संभव हो सकेगी।
सिलेंडर की झंझट से मिलेगी राहत
पाइपलाइन गैस व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग, डिलीवरी और रिफिलिंग की परेशानी से राहत मिलेगी। बिजली और पानी की तरह गैस भी सीधे घरों तक पहुंचेगी तथा उपभोक्ता जितनी गैस उपयोग करेंगे, उसी के अनुसार बिल का भुगतान करेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार यह व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती साबित हो सकती है। भविष्य में गैस खपत की निगरानी के लिए स्मार्ट मीटर या ऑनलाइन मीटरिंग सिस्टम भी लगाया जा सकता है।
28 गांवों से होकर गुजर रही है पाइपलाइन
गेल इंडिया द्वारा बिछाई जा रही मुख्य पाइपलाइन रायगढ़ जिले के 28 गांवों से होकर गुजर रही है। परियोजना के तहत रायगढ़ तहसील के 9, खरसिया क्षेत्र के 16 तथा पुसौर क्षेत्र के 3 गांव प्रभावित हो रहे हैं।
रायगढ़ शहर को जोड़ने के लिए कांशीचुआं के पास मुख्य पाइपलाइन से कनेक्टिंग प्वाइंट बनाया गया है। यहां से शहर की ओर अलग लाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। फिलहाल पाइपलाइन शहर की सीमा तक लाई जा रही है। इसके बाद शहर के भीतर गैस वितरण नेटवर्क के लिए अलग विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
इन गांवों से गुजर रही है पाइपलाइन
यह परियोजना खरसिया क्षेत्र के लोधिया, सरवानी, सूती, परसापाली, बोतल्दा, ठुसेकेला, बांसमुंडा, भेलवाडीह, बानीपाथर, रजघटा, कुनकुनी, बेंदोझरिया, कनमुरा, मुरा, नावापारा और किरीतमाल सहित कई गांवों से होकर गुजर रही है।
वहीं रायगढ़ तहसील के उच्चभिठी, गेजामुड़ा, केनापाली, बनसिया, छुहीपाली, लोइंग, बेलरिया और धनागर तथा पुसौर क्षेत्र के सहदेवपाली, गढ़उमरिया, दर्रामुड़ा और गुड़गहन गांव भी परियोजना के दायरे में शामिल हैं।
वर्तमान में कांशीचुआं, बघनपुर और जोरापाली क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है।
स्मार्ट सिटी की दिशा में बड़ा कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि पाइपलाइन गैस नेटवर्क शुरू होने से रायगढ़ में आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि भविष्य में व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों को भी प्राकृतिक गैस की आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा।
यह परियोजना रायगढ़ को आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



