रायगढ़ में बदला मौसम: तेज हवाओं और बारिश से मिली राहत, कई इलाकों में जलभराव

रायगढ़, 06 मई 2026:

[img-slider id="274450"]
जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। मंगलवार शाम तेज हवाओं के साथ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। धरमजयगढ़ क्षेत्र में करीब 2 घंटे तक तेज बारिश दर्ज की गई, वहीं रायगढ़ शहर में भी देर रात अच्छी बारिश हुई।


शाम होते ही बदला मौसम

मंगलवार दोपहर तक तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ था, लेकिन शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए। धरमजयगढ़ क्षेत्र में शाम करीब 7 बजे तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई।

इसके बाद रात करीब साढ़े 8 बजे रायगढ़ शहर में भी तेज हवाएं चलीं और अचानक बारिश शुरू हो गई। कई दिनों बाद हुई बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई।


तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट महसूस की गई।


कई इलाकों में जलभराव की स्थिति

रात में हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। पुरानी हटरी इलाके में सड़क पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।

यहां नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे भी पानी से भर गए। इसके अलावा अंडरग्राउंड पुल और गोपी टॉकीज रोड क्षेत्र में भी पानी जमा हो गया।


सप्ताहभर तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार

मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि गुरुवार को तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद फिर हल्की गिरावट का अनुमान जताया गया है।

Back to top button