रायगढ़ में महिला से छेड़छाड़ और धमकी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
रायगढ़, 13 अगस्त। महिलाओं से जुड़े अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला से कथित छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय महिला ने 12 अगस्त को अपने पति के साथ चक्रधरनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त की दोपहर वह अपने पति के लिए खाना लेकर जा रही थी। उसके साथ बच्चे भी थे। इसी दौरान ग्राम एकताल के रहने वाले दो युवक पीछे से पहुंचे और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच महिला का एक परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया। उसे देखकर दोनों युवक मौके से चले गए।
घटना के बाद महिला ने अपने पति और गांव के कुछ लोगों को पूरी जानकारी दी। उनकी सलाह के बाद उसने चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
घर से हिरासत में लिए गए आरोपी
शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 304/2026 दर्ज कर धारा 74 एवं 351(3) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों के घरों पर दबिश दी, जहां वे मौजूद मिले।
पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाई और पूछताछ की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उमेश प्रधान (26), निवासी एकताल स्कूलपारा और अभिषेक गोधिया (24), निवासी एकताल बस्ती मंडलापारा को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों को जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस टीम की रही भूमिका
पूरी कार्रवाई चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे के साथ आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल ने कार्रवाई में सहयोग किया।
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला संबंधी अपराधों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई और पीड़िताओं को न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







