रायगढ़ में मिलादुन्नबी पर गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ साझा की खुशियां
रायगढ़। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सामाजिक संस्था गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन, रायगढ़ के पदाधिकारियों ने आशा निकेतन वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्ग महिला-पुरुषों को फल वितरित किए और उनके लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की।
इस दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं को अपने बीच पाकर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों में भी खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा।
बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी
गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन रायगढ़ के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने बुजुर्गों के सम्मान और आदर पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि इसी संदेश को जीवन में उतारने के उद्देश्य से मिलादुन्नबी की खुशियां वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ साझा की गईं।
कार्यक्रम में गुलाम रहमान खान, सदस्य छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी और असलम हुसैन, अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ भारतीय जनता पार्टी रायगढ़, विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गुलाम रहमान खान ने कहा कि यौमे विलादत के अवसर पर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के संदेशों और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में आयोजित यह कार्यक्रम इसी भावना की एक कड़ी है।
संस्था के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर शेख कलीमुल्लाह, डॉ. मोहम्मद कलीम अत्तारी, अरशद वारसी, कलीम बख्श, मोहम्मद शमीम कुरैशी, मोहम्मद रिजवान खान, मोहम्मद अनीस सिद्दीकी, अब्दुल कादिर, मोहम्मद अशरफ (टाइल्स), मोहम्मद मतीन कुरैशी और सैयद शाहबाज रिजवी सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने आशा निकेतन वृद्धाश्रम के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।












