रायगढ़ में मुख्य मार्ग पर मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो वायरल, 7 नामजद के खिलाफ केस दर्ज
रायगढ़। शहर के मुख्य मार्ग पर मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने लोक शांति भंग करने के आरोप में 7 नामजद लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस कार्यालय के सामने हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार घटना 20 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया, फेसबुक और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ग्रुपों में प्रसारित हुआ।
वीडियो में कुछ लोग रूपाली गारमेंट्स के संचालक साहिल अंबानी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की मॉनिटरिंग सेल ने मामले का संज्ञान लिया।
वीडियो से आरोपियों की पहचान
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने वायरल वीडियो को सुरक्षित कर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की। पुलिस के मुताबिक वीडियो के आधार पर बाबू, अनिल डालमिया, विक्की डालमिया, गोल्डी अंबानी, अन्नु डालमिया, हैप्पी डालमिया और विपिन मिश्रा की पहचान की गई।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग पर कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट के जरिए लोक शांति भंग करने की स्थिति उत्पन्न करने के मामले में अपराध क्रमांक 533/2026 दर्ज किया गया है।
वीडियो और अन्य साक्ष्य जुटा रही पुलिस
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस घटना से संबंधित वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से प्रसारित होने के बाद घटना को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग चर्चाएं और अफवाहें फैलने की स्थिति बनी थी।
एसएसपी ने कहा- सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव बर्दाश्त नहीं
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था और लोक शांति भंग करने वाली घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने वाले वीडियो की लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक मार्ग पर मारपीट, गाली-गलौज या उपद्रव के जरिए आम लोगों के बीच भय अथवा अशांति का वातावरण पैदा करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।











