रायगढ़ में राशन दुकानों की जांच में बड़ा खुलासा: 1,204 क्विंटल से ज्यादा चावल समेत लाखों का खाद्यान्न कम, एक और आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड में शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच के दौरान बड़े पैमाने पर खाद्यान्न की कमी सामने आने के मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। ससकोबा और गनपतपुर की राशन दुकानों में कुल 1,204 क्विंटल से अधिक चावल, शक्कर और नमक की कमी पाए जाने के बाद दर्ज प्रकरणों में पुलिस ने गनपतपुर दुकान से जुड़े फरार आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में करीब 31.75 लाख रुपये मूल्य के खाद्यान्न की कमी बताई गई है।

ससकोबा दुकान में करीब 12.89 लाख रुपये का खाद्यान्न कम

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान स्टॉक में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। विभाग के अनुसार कम पाए गए खाद्यान्न की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये है।

जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त माह में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया था।

इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार बताया जा रहा है।

गनपतपुर में 18.86 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी

दूसरा मामला ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान से जुड़ा है। खाद्य विभाग की जांच में यहां 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। विभाग के मुताबिक इसकी कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है।

जांच के दौरान दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाना पाया गया, जिसमें अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान शामिल हैं। खाद्य विभाग के अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया था।

गांव में दिखाई दिया आरोपी, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस गनपतपुर दुकान से जुड़े आरोपी शाहनवाज खान की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसके गांव में देखे जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

दोनों मामलों में तीन आरोपी अभी फरार

राशन दुकानों में खाद्यान्न की कमी से जुड़े दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। ससकोबा उचित मूल्य दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Back to top button