रायगढ़ में लीनेस क्लब सेवांजलि ने मनाया रंगारंग सावन उत्सव

रायगढ़, 13 अगस्त। ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट सीजी-1 स्वर्णिम के लीनेस क्लब सेवांजलि की ओर से बुधवार को सेवांजलि परिसर में सावन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावन की पारंपरिक उमंग के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मनोरंजक प्रतियोगिताएं और सेवा गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्थापक अध्यक्ष ली. सुमिता पांडेय, संरक्षक ली. सुषमा नायक, अध्यक्ष ली. प्रतिभा सिंह, सचिव ली. रजनी मिश्रा और कोषाध्यक्ष ली. निशात अली ने दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद ली. सुनीता यादव ने लीनेस प्रार्थना प्रस्तुत की। आयोजन में सदस्याएं हरे रंग की चूड़ियों और रानी रंग के परिधानों में नजर आईं।

जूनियर क्लब ने भी दी प्रस्तुति

सावन उत्सव में जूनियर क्लब सेवांजलि के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। जूनियर क्लब अध्यक्ष दीक्षा शुक्ला और मिराल अली ने मंच संचालन किया। जूनियर सचिव प्राची कुलवेदी ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष हृदया पांडेय ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथियों गायत्री सिंह, कविता अग्रवाल, सिम्मी चावला, भोजपुरी समाज की अध्यक्ष अंजू यादव तथा क्लब की नव सदस्य ली. अर्चना मिश्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

गीत-संगीत और झूले रहे आकर्षण

उत्सव के दौरान परिसर में लगाए गए झूलों का सदस्याओं ने आनंद लिया। सावन से जुड़े फिल्मी गीतों पर गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया।

आयोजन की प्रमुख प्रतियोगिता ‘सावन क्वीन’ रही। प्रतिभागियों के लिए नंबरिंग और प्रश्नों के अलग-अलग राउंड रखे गए। प्रतियोगिता के बाद ली. सुषमा नायक को सावन क्वीन चुना गया। वहीं बंगड़ी गेम में सिम्मी चावला और राजश्री शुक्ला विजेता रहीं। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

उत्सव के साथ सेवा का संदेश

क्लब की ओर से सावन उत्सव को सेवा गतिविधि से भी जोड़ा गया। क्लब की सिग्नेचर एक्टिविटी ‘अन्नदान’ के तहत वृद्धा विमला बाई को राशन सामग्री प्रदान की गई।

आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट प्रमोटर ली. अर्चना मिश्रा, चेयरपर्सन ली. चंचला सिंह, ली. तनु शर्मा, ली. ममता चौहान, ली. सरोजिनी कुर्रे, ली. रुपांजलि देशमुख, ली. रीता श्रीवास्तव, ली. पूनम तिवारी, ली. लता बघेल और ली. बबली कुलवेदी सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सदस्यों को स्नेह स्वरूप रिटर्न गिफ्ट दिए गए। गीत-संगीत, नृत्य, मनोरंजन और सेवा भावना से जुड़ी गतिविधियों के साथ सावन उत्सव उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Back to top button