रायगढ़ में ‘विजुअल पुलिसिंग’ अभियान तेज, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त
रायगढ़। जिले में आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने ‘विजुअल पुलिसिंग’ अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर सघन फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान कोतवाली, चक्रधरनगर और पूंजीपथरा पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाई गई।
बाजारों और होटलों की जांच
कोतवाली पुलिस ने हटरी बाजार, मॉल, चांदनी चौक सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित होटलों की जांच की गई तथा बाहरी जिलों से आए संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदिरानगर क्षेत्र के वार्डों में पैदल भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया।
प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी
थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मुख्य मार्गों और कमला नेहरू पार्क के सामने सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन पेट्रोलिंग कर यातायात एवं कानून-व्यवस्था की निगरानी की। वहीं पूंजीपथरा पुलिस ने साप्ताहिक बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी गश्त की।
अभियान रहेगा जारी
रायगढ़ पुलिस के अनुसार ‘विजुअल पुलिसिंग’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य पुलिस की दृश्यमान उपस्थिति के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना, अपराधों की रोकथाम करना और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस की प्रभावी एवं निरंतर मौजूदगी अपराधों की रोकथाम का सबसे सशक्त माध्यम है। विजुअल पुलिसिंग के जरिए आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।



