रायगढ़ में व्यावसायिक प्रशिक्षकों का ‘कलम बंद, काम बंद’ आंदोलन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़, 17 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षक कल्याण संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर रायगढ़ जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने सोमवार को ‘कलम बंद, काम बंद’ आंदोलन किया। प्रशिक्षकों ने कार्य का बहिष्कार कर अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

आंदोलन में जिले के बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षकों ने कहा कि वे लंबे समय से शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को कौशल आधारित और रोजगारपरक शिक्षा देने का काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी सेवा से जुड़ी कई समस्याओं का अब तक समाधान नहीं हुआ है।

मानदेय और सेवा सुरक्षा सहित कई मांगें

प्रशिक्षकों ने ज्ञापन के माध्यम से नियमित एवं सम्मानजनक मानदेय, लंबित मानदेय और एरियर का भुगतान, सेवा सुरक्षा तथा नई निविदा में पूर्व से कार्यरत प्रशिक्षकों को यथावत रखने की मांग की।

इसके अलावा Industrial Visit और Guest Lecture की लंबित राशि का भुगतान, उचित अवकाश सुविधा और व्यावसायिक प्रशिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग भी उठाई गई।

प्रशिक्षकों ने कहा- सम्मान और अधिकार की लड़ाई

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि आंदोलन केवल मानदेय से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि प्रशिक्षकों के सम्मान, सेवा सुरक्षा, अधिकार और भविष्य से जुड़ा विषय है।

प्रशिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आगे भी अपनी आवाज उठाता रहेगा। रायगढ़ जिले के प्रशिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट रहने का संकल्प लिया।

प्रमुख मांगें:

  • नियमित एवं सम्मानजनक मानदेय
  • लंबित मानदेय और एरियर का भुगतान
  • सेवा सुरक्षा
  • नई निविदा में कार्यरत प्रशिक्षकों को यथावत रखना
  • Industrial Visit एवं Guest Lecture की लंबित राशि का भुगतान
  • उचित अवकाश सुविधा
  • व्यावसायिक प्रशिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करना
Back to top button