रायगढ़ में सैलून-पार्लरों के लिए समय सीमा तय करने की मांग, सर्व नाई समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़। सर्व नाई समाज, रायगढ़ एवं सैलून-पार्लर व्यवसायियों ने जिले के सभी सैलून एवं ब्यूटी पार्लरों के संचालन के लिए समय-सीमा निर्धारित करने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में प्रशासन से रात 10 बजे तक सभी सैलून-पार्लर बंद कराने तथा सप्ताह में एक दिन मंगलवार को अवकाश घोषित करने संबंधी आदेश जारी करने की मांग की गई है।

[img-slider id="274450"]

ज्ञापन में कहा गया है कि नाई समाज का पारंपरिक व्यवसाय समय के साथ आधुनिक सैलून एवं ब्यूटी पार्लर के रूप में विकसित हुआ है, लेकिन वर्तमान में इस व्यवसाय में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और अनियमित संचालन के कारण पारंपरिक व्यवसायी प्रभावित हो रहे हैं। समाज का कहना है कि वर्षों की मेहनत और सामाजिक योगदान से इस व्यवसाय को नई पहचान मिली है।

सर्व नाई समाज ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि वर्तमान में विभिन्न समाज एवं धर्म के लोग भी इस व्यवसाय से जुड़े हैं, लेकिन सभी प्रतिष्ठानों में एक समान नियम लागू नहीं होने से असमान प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन रही है। संगठन का कहना है कि निर्धारित समय तक दुकानें खुली रहने से व्यवसायियों और कर्मचारियों दोनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

ज्ञापन के अनुसार, रात 10 बजे तक सभी सैलून एवं ब्यूटी पार्लर बंद करने तथा प्रत्येक मंगलवार साप्ताहिक अवकाश लागू करने से कर्मचारियों को साप्ताहिक विश्राम मिलेगा। साथ ही देर रात तक संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों के कारण होने वाली कथित अवांछित गतिविधियों पर भी रोक लगाने में सहायता मिलेगी।

सर्व नाई समाज ने प्रशासन से मांग की है कि रायगढ़ जिले में सभी सैलून एवं ब्यूटी पार्लरों के लिए उक्त नियमों को लागू करते हुए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना लगाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

Back to top button