रायगढ़ में स्कूटी फिसलने से सड़क पर गिरी महिला, ट्रक की चपेट में आने से मौत

उर्दना रोड जाते समय हुआ हादसा; सड़क पर कीचड़ के कारण फिसली स्कूटी, हादसे के बाद इलाके में जुटी भीड़

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ स्कूटी से ढिमरापुर रोड से उर्दना की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर फैले कीचड़ के कारण स्कूटी अचानक फिसल गई और महिला सड़क पर गिर गई। इसी दौरान बगल से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

स्कूटी फिसली और ट्रक की चपेट में आई महिला

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ निवासी नंदकुमारी सिंह (55 वर्ष) रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने पति के साथ स्कूटी से उर्दना रोड की ओर जा रही थीं। बताया गया कि सड़क पर पानी और कीचड़ जमा था। इसी दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ा और वह फिसल गई।

स्कूटी से गिरते ही नंदकुमारी सिंह बगल से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

खराब सड़क और कीचड़ को लेकर लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, संबंधित सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे भी हैं।

लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सुबह से रात तक भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। बारिश के मौसम में कीचड़ और अन्य दिनों में धूल के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति सुधारने और यातायात सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।

Back to top button