रायगढ़ में 2 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ नष्ट, 415 किलो से ज्यादा गांजा और 637 नशीली दवाएं शामिल
रायगढ़, 2 अक्टूबर 2026। पुलिस ने जिले के अलग-अलग NDPS मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं का नियमानुसार नष्टीकरण किया। कार्रवाई में 415.991 किलोग्राम गांजा, गांजे के 3 पौधे और 637 नग प्रतिबंधित सिरप-टेबलेट/कैप्सूल नष्ट किए गए। नष्ट किए गए पदार्थों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपये बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में की गई। समिति के अध्यक्ष एवं उप पुलिस महानिरीक्षक-सह-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
16 NDPS मामलों से जब्त हुआ था गांजा
पुलिस के मुताबिक जिले के 16 NDPS प्रकरणों में जब्त 415.991 किलो गांजा और 3 गांजे के पौधों को जामगांव स्थित एसएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड के प्लांट की भट्ठी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया।
वहीं विभिन्न मामलों में जब्त 108 प्रतिबंधित सिरप और 529 प्रतिबंधित टैबलेट/कैप्सूल, यानी कुल 637 नशीली दवाओं को प्लांट परिसर के पास बुलडोजर और रोड रोलर की मदद से कुचलने के बाद गड्ढे में दबाकर नष्ट किया गया।
समिति के सदस्यों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और समिति के सदस्यों एवं पंचों की मौजूदगी में संपन्न की गई। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक उत्तम प्रताप सिंह, जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के नष्टीकरण की कार्रवाई निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत की गई है।

