रायगढ़ में 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख के सहायक उपकरण वितरित
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में किया वितरण, नशे और मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की अपील
रायगढ़, 3 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को सिंदूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार करीब 60 लाख रुपये की लागत के सहायक उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। वित्त मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने, मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर और ब्रेल किट समेत कई उपकरण बांटे
हितग्राहियों को मोटराइज्ड और सामान्य ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, विभिन्न प्रकार की केन, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, सीपी व्हीलचेयर और क्रच सहित अन्य सहायक उपकरण दिए गए।
प्रशासन के अनुसार, इससे पहले जिला स्तरीय शिविर में हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया था। शनिवार को एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से 350 दिव्यांगजनों को उपकरण उपलब्ध कराए गए।
स्थायी मंच बनाने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सिंदूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्क में उपयुक्त स्थान पर ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जिसका उपयोग विभिन्न कार्यक्रमों में किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की आवश्यकता कम होगी।
युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से बचने की सलाह
ओपी चौधरी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगनी चाहिए। उन्होंने परिवार और समाज से भी युवाओं को सही दिशा देने में भूमिका निभाने का आग्रह किया।
मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर उन्होंने कहा कि मोबाइल उपयोगी साधन है, लेकिन इसका अत्यधिक इस्तेमाल आदत में बदल सकता है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया और रील्स पर जरूरत से ज्यादा समय देने के बजाय पढ़ाई, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों पर ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ भी ली। इस दौरान नशामुक्त जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे प्रदीप पुरी गोस्वामी और गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली और स्वरोजगार पर भी जोर
वित्त मंत्री ने युवाओं से फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से बचने और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने नियमित योग-व्यायाम और व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने रायगढ़ में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक और कौशल विकास संस्थानों की जानकारी देते हुए नई तकनीक के साथ कौशल विकसित करने पर जोर दिया।
नशामुक्ति अभियान को घर-घर तक ले जाने पर जोर
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता जरूरी है। उन्होंने नशामुक्ति अभियान को कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए परिवार और समाज के स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान ने भी नशे के सामाजिक और आर्थिक प्रभावों का उल्लेख करते हुए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की बात कही।
हितग्राहियों ने जताई खुशी
ग्राम सेमरा निवासी टेकचंद मालाकार ने बताया कि ट्रायसाइकिल नहीं होने के कारण उन्हें आने-जाने और पढ़ाई के लिए अपने पिता पर निर्भर रहना पड़ता था। ट्रायसाइकिल मिलने के बाद उन्होंने खुद आने-जाने में सुविधा होने की बात कही।
पुसौर ब्लॉक के छिछोर उमरिया की आंगनबाड़ी सहायिका सुनीता शंकर को भी ट्रायसाइकिल प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि इससे काम के सिलसिले में आने-जाने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिवशंकर पांडेय, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, एलिम्को एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिक और दिव्यांग हितग्राही मौजूद रहे।
