रायगढ़ : यातायात जागरूकता रैली में 450 से अधिक हेलमेट बांटे, पुलिस ने बताया 9 माह में 2.77 करोड़ का जुर्माना
रायगढ़, 8 अक्टूबर 2026। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस ने थाना यातायात परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हुए कार्यक्रम में नागरिकों को 450 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। इसके बाद यातायात जागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
‘हेलमेट पुलिस से बचने के लिए नहीं, सुरक्षा के लिए पहनें’
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन लगातार काम कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट को केवल चालान या पुलिस कार्रवाई से बचने का माध्यम न मानकर अपनी सुरक्षा के लिए नियमित रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के साथ चार पहिया वाहन चालकों से भी सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
सांसद ने कहा- जल्दबाजी से बचें, जीवन सबसे महत्वपूर्ण
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों के साथ वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया।
उन्होंने लोगों से तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने से बचने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने और हेलमेट पहनने की अपील की। अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने तथा मोडिफाइड साइलेंसर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण से बचने की भी अपील की गई।
सांसद ने कहा कि वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचना जरूरी है, क्योंकि जीवन से बढ़कर कुछ नहीं है।
9 महीने में 30,859 कार्रवाई, 2.77 करोड़ से ज्यादा अर्थदंड
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा जनवरी से सितंबर 2026 तक मोटरयान अधिनियम के तहत 30,859 कार्रवाई की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने जैसे मामलों में वाहन चालकों से कुल 2 करोड़ 77 लाख 95 हजार 400 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
एसएसपी ने कहा कि जागरूकता कार्यक्रमों, प्रशिक्षण, हेलमेट वितरण, स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण शिविरों के जरिए भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
‘सड़क सुरक्षा सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं’
एसएसपी ने कहा कि पुलिस की ओर से लगातार प्रवर्तन और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में अपेक्षित कमी नहीं आना चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। युवाओं से उन्होंने अपील की कि वे ‘यातायात दूत’ की भूमिका निभाते हुए स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
450 से ज्यादा हेलमेट बांटे, निकली जागरूकता रैली
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद नागरिकों को 450 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। अतिथियों ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में सभापति डिग्री लाल साहू, गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडे, सुरेश गोयल, पवन शर्मा, एएसपी अनिल सोनी, एएसपी यातायात पुष्पेंद्र बघेल, यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
