
खरसिया पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया; वारदात में इस्तेमाल डंडा, आईफोन और नकदी जब्त, मोबाइल में मिले अन्य फोटो-वीडियो की जांच जारी
रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के रॉक गार्डन बोतल्दा में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवती के साथ मौजूद युवक से मारपीट कर उसे बेहोश किया और इसके बाद युवती को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 नवंबर 2026 की है। युवती अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा घूमने पहुंचे। इसी दौरान सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये और उसके मित्र से 10,000 रुपये लूट लिए। इसके बाद डंडे से युवक के सिर और शरीर पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया। आरोप है कि युवक के बेहोश होने पर आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता की लिखित शिकायत पर खरसिया पुलिस ने मामला दर्ज किया। घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने बोतल्दा क्षेत्र में स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान की। संदिग्धों के फोटो पीड़िता को दिखाकर पहचान की पुष्टि की गई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण भी कराया।
आईफोन, डंडा और नकदी जब्त
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर फनेश्वर प्रसाद पटेल के कब्जे से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन और 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं राहुल पटेल से 3,000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा जब्त किया गया।
आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इनकी जांच कर रही है कि ये सामग्री किन परिस्थितियों में बनाई गई और क्या इनका संबंध किसी अन्य अपराध से है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पटेल (21 वर्ष), पिता खुलेश्वर पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 वर्ष), पिता कुसुम प्रसाद पटेल, दोनों निवासी बोतल्दा, थाना खरसिया के रूप में हुई है।
खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309(6) और 70 में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस मामले का खुलासा करने में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह, सत्या सिदार, योगेश साहू, सूरज साहू, अनूप मिंज सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

