रायगढ़ : लैलूंगा में मां-बेटी की नृशंस हत्या; अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस

लैलूंगा (रायगढ़): थाना लैलूंगा के ग्राम छापरपानी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ खेत के एक बोर घर में रह रही महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

घटना का विवरण

मृतक महिला की पहचान बरत कुमारी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और गांव के ही प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर घर में अपनी 10 माह की पुत्री परी के साथ रह रही थी।
16 जुलाई को जब महिला की मौसेरी बहन बुधियारो नागवंशी चावल लेकर वापस लौटी, तो ग्रामीणों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल मिली, जबकि उसकी मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अज्ञात हमलावर ने किसी भारी वस्तु से महिला और बच्ची के सिर व चेहरे पर जानलेवा हमला किया था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी और लैलूंगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

एसएसपी की सीधी मॉनिटरिंग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्वयं थाना लैलूंगा पहुँचकर मामले की समीक्षा की। उन्होंने जांच टीम को वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने कहा, “पुलिस टीम हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”
फिलहाल पुलिस क्षेत्र के संदेही व्यक्तियों से गहन पूछताछ कर रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा होने की उम्मीद है।

Back to top button