रायगढ़ : संस्कार स्कूल के विद्यार्थियों ने इंडो-नेपाल कराटे प्रतियोगिता में जीते 19 पदक

9 स्वर्ण पदकों के साथ खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन, स्कूल प्रबंधन ने दी बधाई

रायगढ़। भिलाई में आयोजित प्रथम इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में रायगढ़ के संस्कार पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण समेत कुल 19 पदक अपने नाम किए।

विद्यालय की प्राचार्या रश्मि शर्मा ने बताया कि संस्था में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने कराटे प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और जिले का नाम रोशन किया।

9 गोल्ड समेत 19 पदक

प्रतियोगिता में संस्कार पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में हिस्सा लिया। सफल खिलाड़ियों में प्रकृति माणिकपुरी, आरव सिंह, शेख हमादुल्लाह, वैभव दत्ता, श्रेया सिंह और स्नेहा सिंह शामिल हैं।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 9 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 19 पदक हासिल किए।

शिक्षा के साथ खेल पर जोर

विद्यालय के मार्गदर्शक रामचन्द्र शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने खेल प्रशिक्षक कांति माणिकपुरी सहित पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

रामचन्द्र शर्मा ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और बौद्धिक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि संस्कार पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास पर ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने वाले खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं।

Back to top button