रायगढ़ : सत्यनारायण बाबाधाम की तपोस्थली से अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुए 9 श्रद्धालु
बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, जम्मू बेस कैंप से पहले जत्थे को राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी
रायगढ़। भगवान बाबा बर्फानी के पावन दर्शन के लिए रायगढ़ जिले के कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबाधाम की तपोस्थली से 9 सेवक एवं श्रद्धालुओं का दल अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ है। श्रद्धालुओं ने यात्रा से पहले जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप पहुंचकर अपनी आस्था और उत्साह व्यक्त किया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबाधाम में बाबा सत्यनारायण पिछले 28 वर्षों से जनकल्याण की भावना से कठोर तपस्या कर रहे हैं। उनके आशीर्वाद से ही उन्हें बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर प्राप्त हुआ है।

राज्यपाल ने दिखाई पहले जत्थे को हरी झंडी
अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से राज्यपाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी, जबकि पहला जत्था 2 जुलाई को रवाना किया जा रहा है।
सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भगवती नगर बेस कैंप में एंटी-ड्रोन प्रणाली तैनात की गई है। वहीं श्रद्धालुओं के पंजीकरण और टोकन वितरण की व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।
यात्रा पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग तथा 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से संपन्न होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में लगभग 2,100 शौचालय, स्वास्थ्य शिविर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही सुरक्षाबलों द्वारा पूरे यात्रा मार्ग पर व्यापक सर्च और कॉम्बिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।


