रायगढ़ समेत कई जिलों के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी, अगले 3 घंटे भारी आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा

रायगढ़। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रायगढ़ सहित प्रदेश के छह जिलों के लिए अत्यंत गंभीर मौसम चेतावनी (Extremely Severe Alert) जारी की है। जारी अलर्ट के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान कई क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।

इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

मौसम चेतावनी में जांजगीर-चांपा, महासमुंद, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और आसपास के क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन जिलों के अधिकांश स्थानों पर तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। विशेष रूप से खुले मैदान, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

किसानों और पशुपालकों को भी चेतावनी

मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने किसानों एवं पशुपालकों को भी सतर्क रहने को कहा है। खराब मौसम के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है।

आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें

प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने की अपील की है।

Back to top button