रायगढ़ : 14 वर्षीय गुमशुदा बालिका सकुशल बरामद, झारसुगुड़ा से आरोपी गिरफ्तार

‘अभियान संवेदना’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस की कार्रवाई, अपहरण व पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के ‘अभियान संवेदना’ के तहत चक्रधरनगर थाना पुलिस ने 14 वर्षीय गुमशुदा बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, बालिका को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में साहिल एक्का (23) को ओडिशा के झारसुगुड़ा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

दवा लेने निकली थी, नहीं लौटी घर

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को बालिका की मां ने चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री 30 मई की दोपहर दवा लेने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 11 जून को ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद किया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने उसका बयान दर्ज कराया तथा बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के माध्यम से काउंसलिंग कराई गई।

झारसुगुड़ा से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी साहिल एक्का बालिका को उसके अभिभावकों की जानकारी और सहमति के बिना अपने साथ ले गया था। इसके आधार पर प्रकरण में पॉक्सो अधिनियम की धारा 18 भी जोड़ी गई। हालांकि, पुलिस के अनुसार बालिका ने अपने बयान में दुष्कर्म की किसी घटना से इनकार किया है।

आरोपी के ओडिशा के झारसुगुड़ा में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने 30 जुलाई को रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

‘अभियान संवेदना’ रहेगा जारी

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिनेश मिंज, प्रधान आरक्षक संजय तिवारी और आरक्षक दिलीप भानू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस के लिए प्रत्येक गुमशुदा बालक-बालिका की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘अभियान संवेदना’ के तहत बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Back to top button