रायगढ़ : 24 घंटे के भीतर बाइक चोरी का खुलासा, निगरानी बदमाश गिरफ्तार

चोरी की मोटरसाइकिल और रेडमी मोबाइल बरामद, फरार साथी की तलाश जारी

रायगढ़, 25 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए निगरानी बदमाश महेश पैंकरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में फरार सहआरोपी विकास चौहान की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, फुलीकुंडा निवासी बसंत राठिया ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जून को खाद लेने घरघोड़ा आने के दौरान उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल जैन पंडा के घर के सामने खड़ी की थी। बाइक के हैंडल में टंगे झोले में उनका रेडमी मोबाइल भी रखा था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर महेश पैंकरा (34) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और करीब ₹20 हजार कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद कर जब्त किया गया। सहआरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि महेश पैंकरा थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और बाइक चोरी के कई मामलों में पहले भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। एक दिन पहले भी उसे एक अन्य बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी के मामलों में रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है तथा चोरी गए वाहनों और संपत्ति की शीघ्र बरामदगी के लिए अभियान जारी रहेगा।

Back to top button