रायपुर : अमित जोगी ने ई-मेल से पुलिस को भेजा जवाब, 9 नवंबर को थाने पहुंचकर जांच में होंगे शामिल

रायपुर। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े वीडियो को लेकर दर्ज एफआईआर के बीच जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने अपना पक्ष पुलिस के सामने रखा है। पार्टी के मुताबिक, अमित जोगी ने ई-मेल के जरिए अपना जवाब भेजा है। वे 2 से 8 नवंबर तक पहले से तय निजी कार्यक्रम के कारण प्रदेश से बाहर हैं और 9 नवंबर को लौटकर स्वयं थाने में उपस्थित होंगे।

संगठन महामंत्री ने थाना प्रभारी को सौंपा जवाब

पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने संबंधित थाना प्रभारी से मुलाकात कर अमित जोगी की ओर से ई-मेल के माध्यम से भेजा गया जवाब और उनका पक्ष पुलिस के सामने रखा। पार्टी ने स्पष्ट किया कि अमित जोगी का प्रदेश से बाहर रहना पहले से निर्धारित निजी कार्यक्रम का हिस्सा है।

संगठन ने उनके फरार होने संबंधी खबरों को भ्रामक बताते हुए कहा कि निजी कार्यक्रम को एफआईआर से जोड़कर गलत तस्वीर पेश की जा रही है। पार्टी ने कानून का सम्मान करने और जांच में सहयोग देने की बात कही है।

सोशल मीडिया वीडियो पर भाजपा ने जताई थी आपत्ति

विवाद की शुरुआत अमित जोगी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो से हुई। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सांकेतिक रूप से शादी और हनीमून के दृश्यों में दिखाया गया था।

इस प्रस्तुति पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताते हुए इसे प्रधानमंत्री और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान बताया। इसके बाद भाजपा के नेता और कार्यकर्ता रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचे और अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

विधायक राजेश मूणत ने की कार्रवाई की मांग

भाजपा विधायक राजेश मूणत ने आरोप लगाया कि वीडियो में प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदारों को बेडरूम के दृश्यों में दिखाया गया है। उन्होंने केवल वीडियो साझा करने वाले ही नहीं, बल्कि इसकी पटकथा लिखने वालों, कैमरामैन और इसमें भूमिका निभाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की थी।

इन धाराओं के तहत दर्ज है मामला

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। एफआईआर में अमित जोगी सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के नाम शामिल हैं।

भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग भी की थी। अब पार्टी के अनुसार, अमित जोगी 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ लौटने के बाद थाने पहुंचेंगे। इसके बाद पुलिस जांच में उनका पक्ष और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

Back to top button