रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली से 2 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर: रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में दबिश देकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेज सहित करीब 11 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।


कोकीन सप्लाई का बड़ा नेटवर्क उजागर

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह नाइजीरिया से संचालित होकर भारत के कई राज्यों में कोकीन की सप्लाई कर रहा था। तस्कर बेहद शातिर तरीके से बीपी मशीन के बॉक्स में कोकीन छिपाकर कोरियर के जरिए भेजते थे, ताकि शक न हो।


पहले गिरफ्तारी से खुला राज

इस पूरे मामले का खुलासा 19 मार्च 2026 को हुआ, जब देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक आरोपी को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ और तकनीकी जांच में अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़ाव सामने आया।


दिल्ली में दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार

इनपुट के आधार पर रायपुर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और तिलक नगर क्षेत्र में दबिश देकर सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स को गिरफ्तार किया। दोनों ने पूछताछ में ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की बात कबूल की है।


विदेश से संचालित हो रहा था सिंडिकेट

जांच में खुलासा हुआ कि ‘चिची’ नामक व्यक्ति नाइजीरिया से इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। वहीं भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा अपने बैंक खातों के जरिए कमीशन लेकर ड्रग्स की रकम का लेन-देन करता था।


6 महीने में 2 करोड़ का लेन-देन

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खातों से पिछले 6 महीनों में करीब 2 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। फिलहाल इन सभी वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच जारी है।


NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ देवेंद्र नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।


ड्रग्स के खिलाफ अभियान जारी

रायपुर पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करोड़ों रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Back to top button