रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल 28-29 सितंबर को

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लीग की छह टीमों के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया के तहत 28 और 29 सितंबर को दो दिवसीय ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर सुबह 9 बजे से शुरू होगा।

छह टीमों के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार ट्रायल के जरिए लीग में हिस्सा लेने वाली छह टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मापदंडों के आधार पर पूरी की जाएगी।

ट्रायल शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को चयन के मानदंड और पूरी प्रक्रिया की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। चयन पूरा होने के बाद छह टीमों की सूची और पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट खेल संचालनालय को भेजी जाएगी।

21 अक्टूबर से शुरू होगी लीग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा।

लीग चरण में सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगे।

हॉकी इंडिया के अधिकारी संभालेंगे तकनीकी जिम्मेदारी

लीग के मुकाबलों के दौरान अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया की ओर से की जाएगी। ट्रायल की व्यवस्थाओं और तकनीकी सहयोग के लिए खेल विभाग ने संबंधित अधिकारियों एवं हॉकी प्रशिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है।

‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए ‘बघवा’ को आधिकारिक शुभंकर बनाया गया है। यह छत्तीसगढ़ के बाघ और राज्य की वन्यजीव विरासत को दर्शाता है।

लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। वहीं लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के नक्शे की थीम पर तैयार किया गया है।

दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निःशुल्क

आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के दौरान मैचों के साथ मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इससे स्थानीय खेलप्रेमियों और युवाओं की बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

Back to top button