रायपुर में भाजपा पार्षद के कार्यालय में तोड़फोड़, महिला गिरफ्तार
शराब बिक्री की शिकायत के एक दिन बाद कार्यालय पहुंची महिला पर गाली-गलौज और पत्थर मारकर कांच तोड़ने का आरोप
रायपुर। भाजपा पार्षद कैलाश बेहरा के कार्यालय में तोड़फोड़ और पार्षद के भाई से कथित गाली-गलौज के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला पर पार्षद कार्यालय के दरवाजे का कांच पत्थर मारकर तोड़ने का आरोप है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
झंडा चौक पंडरी में हुई घटना
पुलिस के अनुसार, घटना 25 अगस्त की शाम करीब 4 बजे झंडा चौक पंडरी स्थित पार्षद कार्यालय के बाहर हुई। शिकायतकर्ता मनीष बेहरा ने पुलिस को बताया कि वह कार्यालय के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गीता बाई नाम की महिला वहां पहुंची और उनके भाई कैलाश बेहरा को कथित तौर पर गाली देने लगी।
पत्थर मारकर तोड़ा कार्यालय का कांच
शिकायत के मुताबिक, गाली-गलौज के बाद महिला ने पार्षद कार्यालय की ओर पत्थर फेंका, जिससे दरवाजे में लगा कांच टूट गया। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 448/2026 दर्ज किया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
एक दिन पहले पार्षदों ने की थी अवैध शराब बिक्री की शिकायत
बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले भाजपा पार्षद कैलाश बेहरा समेत अन्य पार्षदों ने अवैध शराब बिक्री को लेकर सिविल लाइन थाने में शिकायत की थी। शिकायत के साथ कथित शराब बिक्री का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया था।
पार्षदों ने शिकायत में बताया था कि देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के नीचे सुबह करीब 6 बजे से अवैध शराब बिक्री होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
महिला के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला गीता बाई के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है और उसे जेल दाखिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला को कुछ दिन पहले देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत भी गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, महिला के व्यवहार में सुधार नहीं होने के कारण उसके खिलाफ धारा 129 बीएनएसएस के तहत कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष इस्तगासा पेश किया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 296 और 324(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।












