रायपुर में होगा भारत-न्यूजीलैंड वनडे क्रिकेट मैच:छत्तीसगढ़ को पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी मिली, 21 जनवरी को मुकाबला तय

2 Min Read

छत्तीसगढ़ पहली बार अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट मैच के रोमांच का गवाह बनने जा रहा है। रायपुर को भारत-न्यूजीलैंड की वनडे सीरीज के एक मैच की मेजबानी मिली है। यह मैच 21 जनवरी को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाना है। इसे छत्तीसगढ़ की क्रिकेट संभावनाओं को लेकर बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम अगले साल भारत दौरे पर आ रही है। इस दौरे में तीन वन डे और तीन टी-20 मैच खेले जाने हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-BCCI की दौरा एवं कार्यक्रम निर्धारण समिति की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें न्यूजीलैंड दौरे को अंतिम रूप दिया गया। सिरीज के कार्यक्रम की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ काे बता दिया गया है कि इस बार एक मैच रायपुर में खेला जाना है।

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सचिव मुकुल तिवारी ने दैनिक भास्कर को बताया, संघ ने BCCI के सचिव के जय शाह से खास तौर पर अंतरराष्ट्रीय वन डे मैच की मेजबानी देने का आग्रह किया था। पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए BCCI ने यह आग्रह मान लिया है। अब 21 जनवरी को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत के साथ न्यूजीलैंड का मुकाबला होगा। यह छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ा अवसर है। इसके लिए हम पूरी तैयारी कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment