रायपुर में 34 घंटे के भीतर झपटमारी का खुलासा, 10 लाख के जेवर और मोबाइल बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर की डी.डी. नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने झपटमारी की वारदात का 34 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, कबीरधाम निवासी चंद्रिका देवांगन अपनी पुत्री के घर कृष्णा पैराडाइज, सरोना में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर आई थीं। 2 जुलाई की सुबह वह अपने पति के साथ कवर्धा लौटने के लिए पैदल सरोना चौक जा रही थीं। इसी दौरान राधाकृष्ण मंदिर के पास स्कूटी सवार बदमाश ने उनके कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया और मौके से फरार हो गया। पर्स में सोने के आभूषण और मोबाइल फोन रखा हुआ था।

पीड़िता की शिकायत पर डी.डी. नगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान शेख अख्तर उर्फ कल्लू (31 वर्ष) निवासी टिकरापारा के रूप में की।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने झपटमारी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने का रानी हार, चेन, झुमके, ईयरिंग, एक मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शेख अख्तर उर्फ कल्लू एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button